रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। छत्तीसगढ़ के भाजपा संगठन में अब मंडल स्तर से कार्यकारिणी बनाने का काम प्रारंभ किया गया है। सभी मंडलों में कार्यकारिणी जल्द बनने की संभावना है। इसके बाद भाजपा के 36 संगठन जिलों की कार्यकारिणी बनेगी। अंत में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई टीम का गठन होगा। प्रदेश संगठन की नई टीम में बड़ा बदलाव तय है, क्योंकि प्रदेश की टीम के करीब दो दर्जन नेताओं को निगम, मंडल में पद मिल गए हैं। अभी निगम, मंडल की और सूची आने वाली है, इसमें भी प्रदेश के संगठन के कई नेताओं को पद मिलेंगे।
नए चेहरों को दी नई जिम्मेदारी:
ऐसे में जिनको दूसरा पद मिल जाएगा, उनके स्थान पर नए चेहरों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। भाजपा के प्रदेश संगठन के चुनाव पूरे हो चुके हैं। सितंबर में पहले सदस्यता अभियान चलाया गया, इसके बाद बूथ, मंडल, जिलों के चुनाव के बाद 17 जनवरी को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव हुआ। इसमें एक बार फिर से किरण देव को प्रदेश की कमान सौंपी गई। किरण देव को विधानसभा चुनाव के बाद 2019 में तब अध्यक्ष बनाया गया था, जब विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को डिप्टी सीएम बना दिया गया था। ऐसे में किरण देव का कार्यकाल करीब सवा साल का ही रहा। अब उनको पूर्णकालिक अध्यक्ष बना दिया गया है।
मंडल, जिलों पर पहले फोकस :
भाजपा के संगठन चुनाव में जिस तरह से बूथ स्तर के बाद मंडल और जिलों में अध्यक्षों के चुनाव कराए गए थे, उसी तरह से अब कार्यकारिणी के गठन में भी नीचे के स्तर से शुरुआत की गई है। इस समय मंडलों में कार्यकारिणी बनाने का काम हो रहा है। इसका काम पूरा होने के बाद भाजपा ने 36 संगठन जिलों में कार्यकारिणी बनेगी। जिलों में कार्यकारिणी बनने के बाद प्रदेश की टीम बनाई जाएगी।
दो दर्जन पदाधिकारियों को मिले नए पद :
किरण देव की नई कार्यकारिणी में कई बदलाव होने की संभावना है। प्रदेश के एक महामंत्री जगदीश रामू रोहरा धमतरी के महापौर बन गए हैं। इसी के साथ 20 पदाधिकारियों भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और दुर्ग संभाग के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, चार प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, नीलू शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, दीपक म्हसके, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, तीन संभाग प्रभारी रायपुर के सौरभ सिंह, सरगुजा के राजा पांडेय, बिलासपुर के अनुराग सिंहदेव, प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ सदस्य और पुराने दिग्गज नेता रामप्रताप सिंह, रामसेवक पैकरा, राजीव अग्रवाल, श्रीनिवास मद्दी, लोकेश कावड़िया, चंद्रकांति वर्मा, भरत मटियारा, प्रहलाद रजक, राकेश पांडेय को निगम, मंडल में पद मिले हैं। इनके स्थान पर नए चेहरों को कार्यकारिणी में मौका मिलेगा।