
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के Rajnandgaon जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में हुए चर्चित अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में मिली अज्ञात महिला की लाश मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
22 फरवरी को डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में नदी के पास करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था। महिला की सिर कुचलकर हत्या की गई थी। जांच के दौरान मृतका की पहचान मोतीपुर रविदास नगर निवासी पूर्णिमा नेताम के रूप में हुई।
मामले की जांच में पुलिस का शक मृतका के पति सुनील वंजारी पर गया, जो घटना के बाद से फरार था और उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में दल्लीराजहरा और डोंगरगांव में दबिश दी। घेराबंदी कर आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े अपने दोस्त नीलकंठ साहू को जलाने के लिए दिए, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील वंजारी, सह आरोपी ज्योतिष सिंह नेताम और साक्ष्य छुपाने में सहयोग करने वाले नीलकंठ साहू को गिरफ्तार कर लिया है।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
