
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 11.06.2025 को रात्रि लगभग 07:00 से 07:30 बजे के बीच ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए रैम्प निर्माण हेतु जेसीबी चालक पहुंचा था। इसे रोकने के लिए कुछ ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे, तभी एक कार में सवार 7-8 व्यक्ति वहां पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हुए फायरिंग की।उक्त रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025 धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस, तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।पूर्व में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया था तथा विवेचना पूर्ण होने के पश्चात अभियोग पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।फरार आरोपी – संजय सिंह, पिता – इलवीर सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी गुदुकापुरा देहात, जिला भिण्ड (म.प्र.), हाल पता – ग्वालियर (म.प्र.) एवं अमन बैसन्दर, पिता – जितेन्द्र बैसन्दर, उम्र 28 वर्ष, निवासी शताब्दीपुरम, जिला ग्वालियर (म.प्र.) के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किये जा रहे थे। इसी क्रम में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए माननीय न्यायालय से उद्घोषणा कार्यवाही कराई गई तथा आरोपियों के निवास स्थान ग्वालियर एवं भिण्ड में उद्घोषणा चस्पा कराई गई एवं भिण्ड, मुरैना एवं ग्वालियर के समाचार पत्रों में प्रकाशन कराया गया जिसमें उक्त आरोपियों को 16 3.2026 तक माननीय न्यायालय में उपस्थित होने कहा गया था। उक्त कार्यवाही के परिणामस्वरूप दोनों फरार आरोपी दिनांक 10.03.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थित हुए, जिन्हें अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना बसंतपुर को सुपुर्द किया गया।आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत दोनों आरोपियों का माननीय न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।
