
धमतरी, द मीडिया पॉइंट। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां खेत में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मंगलवार शाम से अपने-अपने घरों से लापता बताए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, महुआबहार गांव के बाहर खेत में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने आम के पेड़ पर दोनों को संदिग्ध हालात में लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
युवती की पहचान महुआबहार गांव की 17 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई है जबकि युवक की पहचान गेंदाभर्री निवासी 20 वर्षीय मानेस मरकाम के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों मंगलवार शाम से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। जिस खेत में यह घटना सामने आई, वह युवती के परिवार का बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
