बालोद। जाहिद खान। जिला मुख्यालय समीपस्त ग्राम भेंड़िया नवागाँव में सोमवार को पंचायत भवन में विशेष ग्रामसभा का आयोजन हुआ। इस आयोजन में सरपंच चिदाकाश आर्य के मार्गदर्शन में पंचायत सचिव व ग्रामीणों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शराब व्यसन मुक्ति अभियान भारत माता वाहिनी योजना का विधिवत गठन किया गया। इसके पदाधिकारी के रूप में अध्यक्ष टोमिन चुरेंद्र, उपाध्यक्ष ओणीमा आर्य, सचिव छात्राणी सार्वा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिन्हा, सदस्य आर.सी मेरिया, लुमन कुमार साहू, सुरेखा कस्तूरे व केशरी भुआर्य चुने गए। पंचायत सचिव ने जानकारी देते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार शराब के सेवन से पूरे विश्व में प्रतिवर्ष 20 लाख व्यक्तियों की मृत्यु हो जाती है। नशापान से मुख्यत: कैंसर, अस्थमा, हृदयाघात, उच्च रक्तचाप, अल्सर, मधुमेह, नपुंसकता, पागलपन, उदर रोग, नेत्रों की खराबी, क्षय रोग आदि व्याधियां होती है। इसके साथ ही पारिवारिक कलह, आर्थिक समस्याएं, सामाजिक प्रतिष्ठा में गिरावट की स्थिति नशा पीड़ित व्यक्ति में परिलक्षित होती है। मादक द्रव्यों और पदार्थों का दुरुपयोग करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण की अपरिहार्यता के दृष्टिगत ग्राम स्तर तक नशामुक्ति अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया है। जिसका उद्देश्य नशापान करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए क्रियान्वयन किया जाना है।