
लोरमी, the media point। शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय उदाहरण सामने आया है विकास खण्ड लोरमी अंतर्गत संकुल केन्द्र लीलापुर के शासकीय प्राथमिक शाला सेनगुड़ा के प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे ने अपने निजी व्यय से विद्यालय को आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक रूप में सजाकर एक सराहनीय कार्य किया है।विद्यालय परिसर में रंग-रोगन, दीवारों पर शैक्षणिक चित्र, नैतिक मूल्यों से जुड़े प्रेरक सुविचार एवं स्वच्छता, पर्यावरण तथा रचनात्मक सजावट कराई गई है।

इससे विद्यालय का वातावरण न केवल सुंदर हुआ है, बल्कि विद्यार्थियों में सीखने के प्रति रुचि,उत्साह,आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना भी विकसित हुई है। प्रधान पाठक टोण्डे का कहना है कि जब वातावरण अच्छा होता है तो शिक्षा अपने आप प्रभावी हो जाती है।बच्चे अब प्रसन्नता के साथ विद्यालय आ रहे हैं और पढ़ाई में अधिक मन लगा रहे हैं तथा सीखने के प्रति उनकी जिज्ञासा बढ़ी है।विद्यालय का सकारात्मक और आकर्षक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है।विद्यालय में हुए इस सकारात्मक परिवर्तन की अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं शिक्षा विभाग द्वारा प्रशंसा की जा रही है।
