मुंगेली, द मीडिया पॉइंट। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडर की सप्लाई और रिफिलिंग की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि न ली जाए। गैस सिलेंडर का विक्रय तय मूल्य पर ही किया जाए। ओवरप्राइसिंग करते हुए पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गैस एजेंसियों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारू रूप से कार्य करने की नियमित जांच करने को कहा।

कलेक्टर ने वनांचल क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति और रिफिलिंग की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बुकिंग के कारण किसी प्रकार की घबराहट या कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों से पेट्रोल और डीजल के स्टॉक एवं सप्लाई की जानकारी ली तथा पर्याप्त मात्रा में स्टॉक बनाए रखने और आवश्यकता अनुसार स्टॉक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों में किसी भी स्थिति में स्टॉक की कमी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज और जिले के सभी गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.