
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर में बनी निर्माणाधीन पानी की टंकी में गिरने से डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह मामला अमलीडीही स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर-01 का है। जानकारी के अनुसार, बच्चे की पहचान इराज साहू के रूप में हुई है। घटना के समय उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे और मासूम अपनी दादी के साथ घर में खेल रहा था।
बताया जा रहा है कि घर में निर्माणाधीन पानी की टंकी खुली हुई थी जिस पर किसी प्रकार का ढक्कन या सुरक्षा इंतजाम नहीं था। खेलते-खेलते मासूम टंकी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ समय तक किसी का ध्यान नहीं गया जिससे हादसा हो गया।
जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने घर और आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद टंकी में देखने पर मासूम अंदर मिला।
परिजन तत्काल बच्चे को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा लापरवाही के चलते होना सामने आ रहा है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में गहरा दुख का माहौल है।

