जांजगीर-चांपा, द मीडिया पॉइंट। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। मामूली कहासुनी के बाद एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने युवक पर गोली चला दी जिससे वह घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना पामगढ़ क्षेत्र की एक किराना दुकान के पास हुई। बताया जा रहा है कि विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ दुकान के पास पहुंचा था और वहां गाली-गलौच कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने इसका विरोध किया जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान हिमांशु के भाई और रिटायर्ड आर्मी जवान गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी।

गोली पंकज कश्यप के पैर (जांघ) में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को तत्काल पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास तथा उसके भाई हिमांशु श्रीवास को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत गाली-गलौच से हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.