
जांजगीर-चांपा, द मीडिया पॉइंट। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर माइनिंग माफिया पर शिकंजा कसा है।खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा और शिवरीनारायण समेत कई इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से रेत, मिट्टी और चूनापत्थर का परिवहन करते हुए कुल 15 मामले दर्ज किए गए।कार्रवाई के तहत 6 ट्रैक्टर और 3 हाईवा रेत परिवहन करते हुए पकड़े गए। वहीं 3 ट्रैक्टर मिट्टी (ईंट) और 3 ट्रैक्टर चूनापत्थर के अवैध परिवहन में जब्त किए गए। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थाना परिसरों में सुरक्षित रखा गया है।खनिज अधिकारी के अनुसार, इन सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
