
महासमुंद, द मीडिया पॉइंट। महासमुंद जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया है। तस्कर बड़ी चालाकी से पिकअप वाहन में तरबूज की बोरियों के नीचे गांजा छुपाकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
पुलिस ने पिकअप से करीब 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह खेप ओडिशा के संबलपुर से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जाई जा रही थी। तस्करों ने ऊपर से पूरा वाहन तरबूज से भर रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए एक कार को पिकअप के आगे लगाया हुआ था। इस कार में सवार लोग रास्ते पर नजर रखते थे और पुलिस चेकिंग दिखते ही पीछे चल रही पिकअप को अलर्ट कर देते थे।
सिंघोड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से पहले ही सूचना मिल गई थी। पिकअप और एस्कॉर्ट कार के नंबर भी साझा किए गए थे। इसके बाद एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में कुल 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
