
सुकमा, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को मार गिराया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान मौके से उसका शव और हथियार भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी की टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरू की। रविवार सुबह जवानों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया जिसके बाद दोनों तरफ से रुक-रुककर फायरिंग हुई।
मारा गया नक्सली मूचाकी कैलाश, चिंतलनार क्षेत्र का रहने वाला था और संगठन में प्लाटून नंबर 31 में सेक्शन कमांडर (PPCM) के पद पर सक्रिय था। उस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है, जिनमें सुरक्षाबलों पर हमले और IED लगाने की घटनाएं भी शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उसकी तलाश कर रही थीं। इस एनकाउंटर को नक्सल ऑपरेशन के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बस्तर रेंज के आईजी Sundarraj P ने नक्सलियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें नया जीवन शुरू करने का मौका दिया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है और अन्य नक्सलियों की तलाश जारी है।
