Oplus_131072
Oplus_131072

रायपुर, द मीडिया पॉइंट। रायपुर में विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस गिरोह के एक और सदस्य अमन शर्मा को पश्चिम बंगाल के 24 परगना से गिरफ्तार किया गया है।

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुनानक नगर निवासी ट्रैवल कारोबारी हरदीप सिंह होरा ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताकर विदेश में होटल बुकिंग का झांसा दिया और विदेशी मुद्रा के लेन-देन के नाम पर उसे मिलने बुलाया।

को-वर्किंग स्पेस में बातचीत के दौरान आरोपी ने चालाकी से पीड़ित को उलझाया और 18,000 अमेरिकी डॉलर व 2,000 ब्रिटिश पाउंड लेकर फरार हो गया। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 19.47 लाख रुपये बताई गई है।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर अमन शर्मा की तलाश शुरू की गई थी।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के 24 परगना में ट्रेस की, जहां से उसे दबोच लिया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिससे और अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गिरोह देश के कई राज्यों में इसी तरह की ठगी करता था। महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई जगहों पर 22 वारदातों को अंजाम दिया गया है। अब तक करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी सामने आ चुकी है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.