
महासमुंद, द मीडिया पॉइंट। कांग्रेस भवन में गुरुवार को जमकर हंगामा देखने को मिला, जब पार्टी के ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में बनाए गए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष और पार्षद विजय साव का पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन से विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और तीनों के बीच जूतम-पैजार शुरू हो गई। इस दौरान कुर्सियां टूट गईं और कांच के गिलास भी चकनाचूर हो गए।
दरअसल, दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस भवन में महंगाई के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी जिसमें जिलाध्यक्ष और खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव समेत कई बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद करीब साढ़े 3 बजे सूचना नहीं मिलने को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हुई।
विजय साव का कहना था कि सूचना देने के बावजूद कुछ पदाधिकारी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे इसी बात को लेकर बहस बढ़ी और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। गुस्से में एक-दूसरे पर कुर्सियां तक फेंकी गईं। इस झड़प में तीनों के कपड़े भी फट गए।
मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। वहीं हालात बिगड़ते देख जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को विजय साव को बाहर निकालने के लिए सख्ती भी करनी पड़ी। इस घटना के बाद नाराज कांग्रेस नेता उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने की ओर रवाना हो गए हैं।
