
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। जिले के ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अवैध संबंध के शक में हुए हमले में 65 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के साथ गांव के पूर्व सरपंच को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो बेटों के साथ शाम करीब 6:30 बजे थाना पहुंचा। इसी दौरान पीड़ित पक्ष भी थाने पहुंचा और सुरेश व उसके बेटों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष के शेख शब्बीर ने बताया कि सुरेश श्रीवास को अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच अवैध संबंध होने का शक था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर झगड़ा हुआ और सुरेश गुस्से में हथियार लेकर सलीम के घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि सलीम घर पर नहीं था, ऐसे में आरोपी ने उसकी मां मुराद बेगम पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य 6 लोग भी हमले में घायल हो गए।जांच में यह भी सामने आया कि गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने सुरेश को भड़काया था। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सुरेश श्रीवास, उमेश श्रीवास और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम भी बनाई गई है। सिम्स अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बदला लेने की नीयत से अपने बेटों के साथ सलीम के घर गया था। वहीं पुलिस के अनुसार, पुराने चुनावी विवाद के चलते पूर्व सरपंच ने उसे उकसाया था, जिसके बाद यह पूरी घटना हुई।
