
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, द मीडिया पॉइंट। जमीन के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गुरुवार को लंबे समय से चल रहे झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। जब बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के सेन्हा गांव का है जो गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सीमा से लगा हुआ है। जानकारी के अनुसार, कल्याण और उसके छोटे भाई दयाराम के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर कल्याण ने दयाराम पर डंडे से हमला कर दिया और लगातार मारपीट करता रहा।परिवार के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं रुका।
गंभीर रूप से घायल दयाराम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
