
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। पुलिस यूनिफॉर्म में सोशल मीडिया रील बनाना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है।जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त ने पुलिस वर्दी में एक रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो सामने आने के बाद इसे वर्दी के दुरुपयोग और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया।
वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आदेश जारी कर आरक्षक को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर अटैच कर दिया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने अपनी पत्नी के साथ “हैलो रानी, हाय रानी” गाने पर वर्दी में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और वर्दी की गरिमा बनाए रखने के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। साफ है कि वर्दी के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
