
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां कुछ इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, वहीं कई जिलों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं बस्तर संभाग में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, बालोद और बिलासपुर के पश्चिमी क्षेत्रों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।
तापमान की बात करें तो आज मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में यह 39 से 41 डिग्री के आसपास रह सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे कुछ क्षेत्रों में पारा 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और आवश्यक सावधानियां बरतें।
