दुर्ग/रायपुर। द मीडिया पॉइंट। प्रदेश के भिलाई शहर के कैंप क्षेत्र में डायरिया फैलने से दो की मौत हो गई। वहीं 42 पीड़ित मरीजों का सुपेला सरकारी अस्पताल, जिला अस्पताल और निजी अस्पताल बीएम शाह में इलाज चल रहा है। मरने वालों में 11 साल की बालिका एम. बांधवी और 27 साल का युवक कुश डहरे हैं। इसी तरह से कैंप के वृंदानगर,संतोषी पारा में डायरिया का प्रकोप बताया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। कलेक्टर ने दोनों की मौत के जांच के आदेश दे दिए है।
मंगलवार को कैंप क्षेत्र के वार्ड 31 जेपी नगर में लोगों की सेहत बिगड़ने लगी। उल्टी दस्त से परेशान लोगों ने अस्पताल का रुख किया। समय पर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों का इलाज भी फौरन शुरू कर दिया गया। वहीं कुश डहरे और आदर्श नगर कैंप-1 में रहने वाली बांधवी समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई। कुश डहरे को सुबह सात बजकर पांच मिनट पर सुपेला अस्पताल लाया गया। यहीं पर उसने दम तोड़ दिया। मृतिका बांधवी के पिता इस समय घर पर नही है। वह पानी जहाज में काम करते है और समुन्द्र के किस स्थान पर है किसी को नही मालूम। उनका लोकेशन लेकर सूचना भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
सुपेला सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीयाम सिंह ने बताया कि अस्पताल में डायरिया पीड़ितों को भर्ती किया गया है। जिनका इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति नियंत्रण में है तथा एक दो दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।