बालोद/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। बालोद जिला मुख्यालय के झलमला घोटिया चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर रविवार की रात्रि लगभग 8.30 बजे के आसपास एक तेंदुआ विचरण करते हुए नजर आया। विचरण करते हुए तेंदुए का वीडियो कार में सवार लोगो ने बना लिया और कुछ देर बाद इसकी जानकारी वन विभाग, थाना बालोद सहित जिला प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर बालोद थाना प्रभारी रविशंकर पांडे, रेंजर जे आर जोगन्स और उनकी टीम मौके पर पहुंची, वहीं किसी भी प्रकार का हादसा ना हो इसलिए मार्ग को बंद कराया गया और आसपास के लोगों से अपील की गई के सावधानी बरतें।
यह पुरा वीडियो बालोद कलेक्ट्रेट से घोटिया मार्ग का है, जहां रविवार की रात बालोद शहर के जनप्रतिनिधि पार्षद कमलेश सोनी और उनके मित्रगण धमतरी मार्ग से घोटिया चौक होते हुए तांदुला जलाशय कलेक्ट्रेट की ओर से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिवनी जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा की मार्ग के किनारे एक वन्य प्राणी विचरण कर रहा है। जब कार नजदीक पहुंची तब कार में सवार कमलेश सोनी और उनके मित्रगण को ये अहसास हुआ के ये तेंदुआ है, जिसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बना लिया।
आपको बता दें की, इसी मार्ग से रोजाना जिले के आला अधिकारी और सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट आना जाना करते हैं। वहीं कई बार साधन नहीं मिलने से कुछ लोग देर शाम पैदल ही झलमला या सिवनी से होते हुए अपने घर जाते हैं।