बीजापुर। कुणाल सिंह ठाकुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में एक बार फिर माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया है। बीजापुर पुलिस ने बताया कि तिम्मापुर गांव में माओवादियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी पदम नामक महिला की गला घोंटकर कल रात हत्या कर दी।
इसके बाद उन्होंने चौराहे पर महिला के शव को फेंक दिया। महिला पर पुलिस का मुखबिर होने का शक था, जिसके चलते उसकी हत्या की गई।
अधिकारियों ने बताया कि मौके से प्रतिबंधित संगठन CPIM मडायी एरिया कमेटी की ओर से जारी पर्चा बरामद किया गया है। पर्चे में माओवादियों ने मृतका पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
इससे पहले शुक्रवार को बीजापुर जिले में पांच नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से तीन पर कुल 11 लाख रुपये का इनाम है। बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से एक संतु कोड़मे माओवादियों की पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) कंपनी नंबर दो का सक्रिय सदस्य है। कोड़मे पर आठ लाख रुपए का इनाम है।