
रायगढ़, कुणाल सिंह ठाकुर। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल कोयला खदान के विरोध में चल रहा आंदोलन बड़ा हिंसक में तब्दील हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस टीम, SDM पर हमला कर दिया जिसमें महिला टी आई कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा बस, कार और एम्बुलेंस में आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है तथा SDM गाड़ी को भी नुकसान पहुंचने की खबर सामने आ रही है।

घटना को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल तमनार के हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह से 50 से 55 आंदोलनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था जिनमें राधेश्याम शर्मा भी शामिल थे।इसी कार्रवाई के बाद माहौल और ज्यादा बिगड़ गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला लोड गाड़ियों को जबरन पार कराने के दौरान एक साइकिल सवार सड़क हादसे का शिकार हो गया जिससे जन आक्रोश भड़क उठा। घटना में घायल लोगों को सावित्री नगर अस्पताल ले जाने के बाद कई पुलिसकर्मीयों को रायगढ़ रिफर कर दिया गया जिनका उपचार जारी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कल रात से ही बिलासपुर आईजी और कमिश्नर तमनार पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं।

