
रायपुर, कुणाल सिंह ठाकुर। जंबूरी विवाद के बीच सांसद बृजमोहन अग्रवाल दिल्ली से रायपुर पहुंच गए हैं। अग्रवाल एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए जंबूरी मामले को लेकर BJP सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वैधानिक अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने परिषद में मौजूद विसंगतियों को सामने रखा था। उनकी परिषद ने जंबूरी स्थगित करने का निर्णय लिया था, इसके बावजूद सरकार ने उन्हें हटाए बिना ही नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी, जो पूरी तरह से अवैधानिक है।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद की अवधि पांच साल की होती है और इस बात की जानकारी उन्होंने पहले ही पार्टी और सरकार के वरिष्ठ नेताओं को दे दी थी। बृजमोहन अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें हटाए बिना किसी और को अध्यक्ष बनाया गया, तो वे कोर्ट जाएंगे और अब उन्होंने वही किया है।
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के इस बयान पर “बृजमोहन अग्रवाल की स्थिति देखकर दुख होता है”, उन्होंने इशारों-इशारों में पलटवार करते हुए कहा कि उनकी स्थिति पर किसी को दुखी या खुश होने की जरूरत नहीं है, वे अपनी स्थिति बनाना अच्छे से जानते हैं।
इससे पहले भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन भी रायपुर पहुंचे। राष्ट्रीय जंबूरी विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कोई विवाद नहीं है। यह रेंजर-रोवर्स की जंबूरी है जो अपने आप में खास है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेवजह इस मुद्दे को विवाद का रूप दिया जा रहा है।
अनिल जैन ने कहा कि सभी को अपना व्यक्तिगत अहंकार छोड़कर संगठन के हित में काम करना चाहिए। यह स्थानीय स्तर का मामला है राष्ट्रीय स्तर पर इसका कोई असर नहीं है।
प्रदेश की संस्था का अध्यक्ष कौन होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह नियमों के अनुसार तय होता है। कई राज्यों में ऐसे विवाद हैं, लेकिन उससे राष्ट्रीय संगठन का कोई लेना-देना नहीं है। आगे की स्थिति सरकार तय करेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी तरह की वित्तीय अनियमितता नहीं हुई है और इस विषय में मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है। वहीं बृजमोहन अग्रवाल के कोर्ट जाने पर उन्होंने कहा कि कोर्ट अपना काम करेगा, जिसे जहां जाना है, वह जाए।
