
कांकेर, कुणाल सिंह ठाकुर। कांकेर जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बांध मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में कुल 32 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए आमाबेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को कांकेर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें से दो घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस बांदे से अंतागढ़ होते हुए जगदलपुर और फिर बैलाडीला जा रही थी। आमाबेड़ा के पास स्थित बांध मोड़ पर बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ होने के बावजूद बस चालक ने गति कम नहीं की। तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश में सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में बलरामपुर जिले में हरियाणा से नेपाली यात्रियों को लेकर जा रही बस गाय को बचाने के प्रयास में पलट गई थी, जिसमें कई यात्री घायल हुए थे।लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सड़क सुरक्षा और बस चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
