
रायगढ़, the media point। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसबीआई मेन ब्रांच के सामने स्थित एक मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार यादव और उसकी एक महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत की गई।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोड किनारे स्थित अनिल कुमार नंदे के मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल योजना बनाकर एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। जैसे ही तय संकेत मिला, पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान मौके से आरोपी राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी और अनैतिक कार्य के लिए लाई गई दो अन्य महिलाएं मिलीं। तलाशी में देह व्यापार से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री, रेडमी और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार के जरिए अवैध रूप से पैसे कमा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवा नगर मोहल्ले में पति-पत्नी द्वारा देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
