
बलरामपुर, द मीडिया पॉइंट। बलरामपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चरित्र शंका के चलते पति ने कथित रूप से पत्नी की हत्या कर दी और फिर साथी के साथ मिलकर शव को जंगल में पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की शाम थाना क्षेत्र के ग्राम झपरा-लातापानी के जंगल में एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान शव पर चोट और खरोंच के संदिग्ध निशान पाए गए, जिसके बाद विस्तृत पोस्टमार्टम कराया गया।डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि 50 वर्षीय बंधनी, पति गुना राम, निवासी ग्राम झपरा की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्यात्मक प्रकृति की है। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी गुना राम (58 वर्ष) अपनी पत्नी के घर से बाहर जाने को लेकर अक्सर संदेह करता था। घटना के दिन महिला बाजार गई थी और देर रात घर लौटी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने मारपीट की, जिससे महिला की मौत हो गई।
मामले को छिपाने के लिए आरोपी ने लखन कुम्हरिया (50 वर्ष), निवासी झपरा, की मदद से शव को जंगल में पेड़ पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो।पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 15 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।
