
मुंगेली, द मीडिया पॉइंट। मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा की प्रतिभाशाली बेटी सुप्रिया ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन एसएससी (W) टेक-66 एंट्री के माध्यम से हुआ है। उन्हें 17 एसएसबी बोर्ड, बेंगलुरु से रिकमेंडेशन प्राप्त हुआ। इलेक्ट्रॉनिक्स वैकेंसी में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
सुप्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा St. Joseph’s Convent Higher Secondary School से पूरी की। इसके बाद उन्होंने Chouksey Engineering College से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। वे एनसीसी का ‘C’ सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर चुकी हैं। एनसीसी के दौरान ही उन्हें सेना के कार्यप्रणाली को करीब से देखने का अवसर मिला, जिसने उनके भीतर देशसेवा की भावना को और मजबूत किया।सुप्रिया का कहना है कि बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना था।
इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता और भाई का विशेष योगदान रहा। उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत ने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। परिवार मूल रूप से टेढ़ाधौरा, मुंगेली का निवासी है, जबकि सुप्रिया की पढ़ाई बिलासपुर में हुई।सुप्रिया की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उन्हें लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अब सुप्रिया प्रशिक्षण अकादमी में ट्रेनिंग पूरी कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।मुंगेली की इस बेटी ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और बड़े सपनों के साथ गांव से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
