
भानुप्रतापपुर, द मीडिया पॉइंट। नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अंबिकापुर से पकड़कर 15 फरवरी को भानुप्रतापपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।मामला कोरर थाना क्षेत्र का है। 13 फरवरी को पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने नाबालिग को धमतरी में ठहराया हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।इसके बाद सूचना मिली कि आरोपी अंबिकापुर में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी अनिल कुमार मंडावी (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।फिलहाल पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
