Oplus_131072
Oplus_131072


रायगढ़, द मीडिया पॉइंट। रायगढ़ के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज आवासीय परिसर में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा की एक छात्रा की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में पदस्थ राजेश सर्वे की बेटी अनन्या सर्वे 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि जिस दिन घटना हुई, उसी दिन उसका पहला बोर्ड परीक्षा पेपर था। सुबह लगभग 6 बजे वह आवासीय परिसर की छत पर टहल रही थी। इसी दौरान वह नीचे गिर गई।
परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने गृह ग्राम गनियारी, बिलासपुर लेकर रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि इसी भवन से पूर्व में भी एक बुजुर्ग महिला के गिरने की घटना सामने आ चुकी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि छात्रा को सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हुई। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.