
कोरबा, द मीडिया पॉइंट। कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग को लेकर युवक द्वारा युवती के पिता पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 18 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान साहिल मसीह (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बालको के रूप में हुई है। पीड़ित पक्ष द्वारा 19 फरवरी को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी पिछले छह माह से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था।घटना की रात आरोपी मोटरसाइकिल से युवती के घर के पास पहुंचा और शोर-शराबा करने लगा। जब युवती के पिता बाहर निकले, तो आरोपी ने उन पर पिस्टल से फायर कर दिया।
गोली से वे बाल-बाल बच गए। बताया गया कि आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन हथियार ने काम नहीं किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
