
अंबिकापुर, द मीडिया पॉइंट। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सामने आए दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में आरोपी वारदात के छह दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है और गिरफ्तारी में मदद के लिए 35 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।जानकारी के मुताबिक, सरगुजा रेंज के आईजी द्वारा 30 हजार रुपये और पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी का हुलिया जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की है, साथ ही संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।
इस घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहा है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान महिला कांग्रेस ने महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि 3 अप्रैल 2026 को अंबिकापुर के महामाया मंदिर के पास फुटपाथ पर एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मामले में आरोपी के रूप में मिथुन पंडा की पहचान की है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
