
पखांजूर, द मीडिया पॉइंट। कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीव्ही-27 हृदयपुर में जमीन विवाद ने रविवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पीव्ही-27 निवासी गोपाल मजूमदार और रास बिहारी राय के बीच करीब 10 साल से आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वर्तमान में जमीन रास बिहारी राय के कब्जे में है, जबकि गोपाल मजूमदार इसे अपनी पट्टे की जमीन बताते हुए उस पर अधिकार जताते रहे हैं। यह मामला फिलहाल पखांजूर सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
रविवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच गोपाल मजूमदार अपने परिवार के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने लाठी-डंडा, लोहे के पाइप और टांगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया।हमले में गोपाल मजूमदार के बड़े बेटे जिवेश मजूमदार (30 वर्ष) के सिर पर टांगिया से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान गोपाल मजूमदार सहित परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल 3 कुल्हाड़ी और लोहे का पाइप बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
