
जशपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बगीचा थाना क्षेत्र के बिसबहरी गांव में लापता दो बच्चों के शव गांव के पास स्थित तालाब में मिले हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे शनिवार शाम से लापता थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन बच्चों की तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच रविवार को गांव के पास स्थित तालाब में दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चे तालाब में नहाने के दौरान हादसे का शिकार हुए होंगे। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
