
रायपुर, अंबिकापुर, द मीडिया पॉइंट। अंबिकापुर में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार आरोपी स्थानीय है और उसकी पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव द्वारा कड़ी कार्रवाई की मांग पर विजय शर्मा ने कहा कि सजा देना सरकार का काम नहीं, बल्कि न्यायालय का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस की भूमिका साक्ष्य जुटाकर अदालत के सामने पेश करने की होती है। दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने सिंहदेव के बयान को राजनीतिक बताया।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की स्थिति बन रही है और वहां भाजपा की सरकार बनने की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में भी पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है और आने वाले समय में भाजपा का विस्तार और मजबूत होगा।
असम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि वहां की जनता लंबे समय से घुसपैठ की समस्या से जूझ रही थी, जिस पर भाजपा सरकार ने काम किया है। उन्होंने कहा कि केवल आलोचना करने के बजाय ऐसे कार्यों को भी देखना चाहिए, जो जनता के हित में किए गए हैं। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां भूपेश बघेल जाते हैं, वहां भाजपा को फायदा होता है।
ताड़मेटला की घटना का जिक्र करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि वह नक्सलवाद से जुड़ी सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक थी, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। हालांकि अब स्थिति काफी बदली है और ऐसे घटनाओं को अंजाम देने वाले या तो खत्म हो चुके हैं या मुख्यधारा में लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।
