
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। आगामी होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा जिले में विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी डोंगरगांव के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली, बसंतपुर, डोंगरगांव एवं चौकी चिखली प्रभारी द्वारा अपने-अपने दलबल के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्र के अड्डेबाज़ी स्थलों, आउटर एवं शहरी क्षेत्रों में सघन जांच की गई।कांबिंग गश्त के दौरान गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों के घरों पर जाकर सत्यापन किया गया। कुल 40 से अधिक व्यक्तियों की जांच कर आवश्यक समझाइश एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।साथ ही क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की भी सघन चेकिंग कर पूछताछ की गई। इस विशेष अभियान में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस की सतत निगरानी एवं कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

