
कवर्धा, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के कवर्धा (कबीरधाम) जिले में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है।पुलिस के अनुसार, दुर्घटना नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुई। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो Raipur में पढ़ाई करता था।
बताया जा रहा है कि वह होली मनाने अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।होली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
