
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। राजनांदगांव पुलिस की पहल, होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण मनाने हेतु सभी थानों में शांति समिति बैठक आयोजित होली त्यौहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से जिला राजनांदगांव के थाना बागनदी, पुलिस चौकी मोहारा, ओपी सुकुलदेहन एवं थाना घुमका सहित विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं संबंधित पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुई। बैठकों में क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश – होली के दौरान डरावने या पहचान छुपाने वाले प्रतिबंधित मुखौटे पहनकर हुड़दंग करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाए जाएं, बिना अनुमति डीजे संचालन पर कार्यवाही होगी। अश्लील गाने बजाने एवं अत्यधिक शोर करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्यवाही एवं जुर्माना किया जाएगा। तेज रफ्तार, तीन सवारी, खतरनाक ड्राइविंग एवं नियम उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही की जाएगी। जबरन रंग लगाने, झगड़ा-विवाद करने एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर अपराध दर्ज किया जाएगा। बिजली तार एवं खंभों के आसपास होलिका दहन न करने की अपील की गई। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कर जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु नागरिकों से अपील की गई।राजनांदगांव पुलिस ने सभी नागरिकों से होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
