
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। रायपुर के वीआईपी माने जाने वाले इलाके में देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मामला कटोरा तालाब क्षेत्र का है, जहां एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में सेवा देने से इनकार करने पर दो युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित स्पा सेंटर में दो युवक पहुंचे। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ जा चुका था। संचालिका द्वारा सेवा देने से मना करने पर दोनों युवक बहस करने लगे। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे।विवाद के दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी अगले दिन दोपहर में सिविल लाइन थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और लगभग दो घंटे के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46), निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), जो निजी पीएसओ के रूप में कार्यरत है, और अंगद सिंह (33), निवासी आदर्श नगर मोवा रायपुर, जो पेशे से ड्राइवर है, के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
