
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई गई है, जिससे लू और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक में मौसमी बीमारियों और तापमान में बढ़ोतरी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, खराब पंखे, कूलर और वातानुकूलन यंत्रों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि लू और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
बढ़ती गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। तेज धूप और लू के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। लोग जरूरी कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। राजनांदगांव में सर्वाधिक 43.5 डिग्री, रायपुर में 43 डिग्री, माना में 42.5 डिग्री, बिलासपुर में 42.8 डिग्री, जगदलपुर में 40 डिग्री, पेंड्रा रोड में 39.9 डिग्री और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करते रहने की सलाह दी गई है।
