
बालोद, द मीडिया पॉइंट। जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के चिल्हाटीखुर्द गांव में एक आक्रामक कुत्ते के हमले से दहशत का माहौल बन गया। कुत्ते ने मवेशियों और राहगीरों के बाद एक छोटे बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को मार डाला। जानकारी के अनुसार, कुत्ता पिछले कुछ समय से गांव में लोगों और पशुओं पर हमला कर रहा था। इसी दौरान उसने गांव में खेल रहे करीब 4 वर्षीय बच्चे पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चे को कई जगहों पर काटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कुत्ते को पकड़कर मार दिया।घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इलाके में सतर्कता बढ़ाने की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
