
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड सादिक खान को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे अब न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आईपीएल सट्टेबाजी से जुड़े इस ऑनलाइन नेटवर्क का संचालन “साईं ऐप” के जरिए किया जा रहा था। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन नागपुर में ट्रेस की और विशेष टीम भेजकर उसे हिरासत में लिया। बाद में आरोपी को राजनांदगांव लाकर पूछताछ की गई।
इस रैकेट का खुलासा 6 अप्रैल 2026 को हुआ था, जब मोहारा नाला क्षेत्र से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, नगदी और सट्टा से जुड़ी सामग्री सहित करीब 5 लाख 50 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया था।
मुख्य आरोपी सादिक खान पिछले दो वर्षों से सट्टा ऐप के जरिए लोगों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराता था। इसके बदले वह प्रति आईडी 5,000 से 10,000 रुपये तक वसूलता था। साथ ही, तकनीकी समस्या ठीक करने के नाम पर अतिरिक्त पैसे भी लेता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक महंगा मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी है। इस मामले में जुआ प्रतिषेध अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
