
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक ने अपनी समस्या को लेकर अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने अधिकारी की टेबल पर बादाम फेंकते हुए कहा कि “याददाश्त बढ़ाने के लिए लाया हूं, ताकि विभाग उसकी गुम हुई फाइल को याद कर सके।
जानकारी के अनुसार, यह मामला नामांतरण से जुड़ा हुआ है। पीड़ित तरुण साहू ने करीब एक वर्ष पहले रिसेल के माध्यम से ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब तक उसे नामांतरण से संबंधित दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं। युवक का आरोप है कि विभाग उसकी फाइल गुम होने की बात कहकर लगातार टालमटोल कर रहा है।युवक ने बताया कि वह पिछले एक साल से लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि फाइल उपलब्ध नहीं है। लगातार हो रही परेशानी और देरी से नाराज़ होकर उसने यह अनोखा तरीका अपनाया, ताकि उसकी समस्या पर ध्यान दिया जा सके।
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने भी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने कार्यपालन अभियंता (प्रभारी संपदा अधिकारी) एल.पी. बंजारे और संबंधित कॉलोनी प्रभारी पूनम बंजारे को आगामी आदेश तक मुख्यालय में अटैच कर दिया है।यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और आम लोगों की परेशानियों को उजागर करती है। वहीं, युवक ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
