
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर जल्द ही अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग का दौरा करेंगे। वे 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा पहुंचेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते भी नजर आएंगे।
जानकारी के अनुसार, उनका कार्यक्रम अबूझमाढ़ से सटे इंद्रावती नदी के तटीय क्षेत्र में स्थित ग्राम छिंदनार में प्रस्तावित है। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।बताया जा रहा है कि Sachin Tendulkar Foundation द्वारा छिंदनार में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहले से कार्य किया जा रहा है। जब क्षेत्र नक्सल प्रभावित था, तब भी फाउंडेशन ने यहां पहल शुरू की थी। अब क्षेत्र में शांति स्थापित होने के बाद सचिन स्वयं यहां पहुंचकर बच्चों से संवाद करेंगे और उनका उत्साह बढ़ाएंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में फाउंडेशन की टीम ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने मुंगेली जिले के अचानकमार क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इसके अलावा बिलासपुर स्थित जन स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर जमीनी हकीकत को समझा गया। टीम ने फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी का निरीक्षण कर बच्चों और स्थानीय समुदाय से भी संवाद किया था।इस दौरे को लेकर बस्तर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है, और बच्चों में अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने को लेकर खास उत्सुकता है।
