
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के मध्य इलाकों में तापमान तेजी से चढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को राजनांदगांव में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दुर्ग और रायपुर में तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य क्षेत्र पूरी तरह गर्मी की चपेट में आ चुके हैं। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसे हालात बन गए हैं। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है, और न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
विभाग ने आज मौसम के शुष्क रहने के साथ कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई है। हालांकि, दो दिनों बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के संकेत भी मिल रहे हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।राजधानी में दिन-रात बढ़ी गर्मीरायपुर में आज गर्मी अपने चरम पर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर के साथ रातें भी गर्म रहने का अनुमान जताया है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और तेज धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें।
