
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रवाना हुए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेता वहां आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे से पहले मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा लगभग 750 सड़कों को स्वीकृति दी गई है। इससे दूरस्थ और छोटे गांवों तक सड़क सुविधा पहुंच सकेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने ‘सुशासन तिहार’ को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सीधे गांवों तक पहुंच रही है। विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर अधिकारियों के साथ आम लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनका मौके पर निराकरण किया जा रहा है।
वहीं सक्ती जिले में हुए वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट हादसे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद ही स्पष्ट कर दिया गया था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।
