
सक्ती, द मीडिया पॉइंट। जिले के फोगरम गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक दर्जन से अधिक आरोपी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने कुल 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घटना दो दिन पहले की है जब गांव में एक कार की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया था।
स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम पर इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिस जवान घायल हो गया। भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, शासकीय कर्मचारी पर हमला सहित कई गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
