
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत समाज की मुख्यधारा में लौटे 120 पूर्व नक्सली आज छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचे और सदन की कार्यवाही देखी। इस दौरान आसंदी की ओर से सभी का स्वागत करते हुए उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विधानसभा पहुंचे समर्पित पूर्व नक्सलियों में 66 पुरुष और 54 महिलाएं शामिल थीं। इनमें पूर्व सेंट्रल कमेटी सदस्य रहे रूपेश, बसवा, चैतू, ललिता और राजू जैसे नाम भी शामिल थे। सामान्य सदस्य रहे लोगों ने दर्शक दीर्घा से कार्यवाही देखी, जबकि पूर्व केंद्रीय स्तर के पदाधिकारियों को अध्यक्षीय दीर्घा में बैठने की व्यवस्था दी गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों का स्वागत और अभिनंदन किया जाना चाहिए।सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों को समाज से जोड़ने और उन्हें नई दिशा देने की दिशा में इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
