
मुंगेली, द मीडिया पॉइंट। मुंगेली जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मुंगेली–पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर कार और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।मिली जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो रायपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।हादसे की सूचना मिलते ही फास्टरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। यह दुर्घटना फास्टरपुर थाना क्षेत्र के सिल्ली गांव के पास हुई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
