
रायगढ़, द मीडिया पॉइंट। रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आरोपी अभिषेक ठाकुर और सत्यम महंत तथा तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर पिता प्रहलाद सिंह ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी सोनिया नगर कोतरारोड थाना कोतवाली जिला रायगढ़ तथा सत्यम महंत पिता सुरेन्द्र महंत उम्र 21 वर्ष निवासी तेंदुडीपा दरोगामुड़ा थाना जूटमिल जिला रायगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
