
कांकेर, द मीडिया पॉइंट। दिनांक 18 जून 2025 को थाना दुर्गकोंदल क्षेत्रांतर्गत लिगभंगदरहा जंगल के पगडंडी मार्ग में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम द्वारा निरीक्षण करने पर पाया गया कि महिला के सिर एवं चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या की गई है।
जांच के दौरान मृतिका की पहचान जयंती मंडल, उम्र 40 वर्ष, निवासी चिखली थाना बड़गांव के रूप में हुई, जो दुर्गकोंदल क्षेत्र में मितानिन प्रेरक के रूप में कार्यरत थी। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) #Bhartiya_Nyaya_Sanhita के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की गंभीरता से पुनः जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए।
आरोपी की गिरफ्तारी एवं खुलासा :
संदेह के आधार पर ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव निवासी तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन (उम्र 19 वर्ष) से पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी द्वारा गुमराह करने का प्रयास किया गया, किन्तु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या का कारण :
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी माता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ₹40,000 की राशि प्राप्त हुई थी, जिसका निर्माण कार्य मृतिका को सौंपा गया था।
मृतिका द्वारा राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया तथा बार-बार टालमटोल किया जा रहा था। राशि वापस मांगने पर भी इंकार किए जाने से आरोपी आक्रोशित हो गया और हत्या की योजना बनाई।
दिनांक 18 जून 2025 को आरोपी ने मृतिका को नया निर्माण कार्य दिलाने का झांसा देकर जंगल में ले जाकर पैसे को लेकर विवाद किया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
आरोपी :
नाम: तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन
उम्र: 19 वर्ष
निवास: ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव, जिला कांकेर
थाना दुर्गकोंदल एवं साइबर टीम के संयुक्त प्रयास से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई गई, जिसमें थाना प्रभारी एवं टीम के अन्य अधिकारी/कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
